
गेहूं की एक बहुत ही आधुनिक और बंपर उपज देने वाली किस्म DBW 327, जिसे करण सिवानी के नाम से भी जाना जाता है। यह किस्म बहुत ही लेटेस्ट वैरायटी है, जिसे इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ व्हीट एंड बार्ली रिसर्च, करनाल (IIWBR Karnal) द्वारा विकसित किया गया है।
DBW 327 किस्म की उपयुक्तता और क्षेत्र
DBW 327 एक समय पर बुवाई और सिंचित क्षेत्रों के लिए उपयुक्त किस्म है। यह किस्म मुख्य रूप से उत्तर और पश्चिमी भारत के लिए सबसे अधिक उपयुक्त मानी गई है। हालांकि, इसे आप दूसरी जगहों पर भी दोमट या काली मिट्टी वाले क्षेत्रों में ट्राई कर सकते हैं।
यह किस्म पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में सफलतापूर्वक लगाई जा सकती है।
DBW 327 की उपज क्षमता
इस किस्म की अधिकतम उपज क्षमता 87 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक है, जबकि औसत उपज लगभग 79 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक पहुंच जाती है। यह उपज DBW श्रृंखला की सभी किस्मों में सबसे ज्यादा मानी जाती है। आज की तारीख में भारत में यह किस्म सबसे अधिक औसत उपज देने वाली गेहूं की वैरायटी है। इसकी उपज क्षमता DBW 2967 और DBW 2851 जैसी किस्मों से भी काफी अधिक है।
DBW 327 किस्म की बुवाई का समय और तरीका
DBW 327 की बुवाई का सही समय 20 अक्टूबर से 5 नवंबर तक है। सिंचित इलाकों में बुवाई करते समय लाइन से लाइन की दूरी 20 सेंटीमीटर और पौधे से पौधे की दूरी 5 सेंटीमीटर रखनी चाहिए।इसकी बीज दर 100 किलो प्रति हेक्टेयर या 40 किलो प्रति एकड़ के हिसाब से रखी जाती है।
DBW 327 की सहनशीलता और जलवायु अनुकूलता
यह किस्म उच्च तापमान और सूखा सहनशील है। यदि फसल के आखिरी समय में पानी की कमी हो जाए, तब भी यह अच्छी उपज देती है। फरवरी या मार्च में पकने के समय यदि तापमान ज्यादा बढ़ जाए, तब भी इसे कोई विशेष नुकसान नहीं होता।इस तरह यह किस्म बदलते मौसम की परिस्थितियों के लिए बहुत ही अनुकूल और भरोसेमंद है।
DBW 327 की फसल अवधि और अन्य विशेषताएँ
इस किस्म की बाली 98 दिनों में निकल आती है, जबकि इसकी कुल अवधि लगभग 150 से 155 दिन होती है। पौधे की ऊँचाई 95 से 100 सेंटीमीटर तक रहती है। इसका टेस्ट वेट (1000 दानों का वजन) लगभग 48 ग्राम है। फसल को 5 से 6 सिंचाई की आवश्यकता होती है। पोषक तत्वों की बात करें तो, इसमें लोहा (Fe) 39 ppm और जिंक (Zn) 40 ppm पाया जाता है। इसका चपाती स्कोर 75 से अधिक है, जिससे यह खाने के हिसाब से भी बहुत अच्छी किस्म मानी जाती है।
DBW 327 किस्म के बीज प्राप्ति के स्रोत
डीबी डब्लू 327 का बीज आप इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ व्हीट एंड बार्ली रिसर्च, करनाल से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, नेशनल सीड कॉर्पोरेशन (NSC) के हर जिले में स्थित कार्यालयों से भी यह बीज उपलब्ध है। साथ ही, कृषि विभाग द्वारा भी कई स्थानों पर यह बीज उपलब्ध कराया जाता है।
ये भी देखे : DBW 303 गेहूं की किस्म ने बदली किसानों की किस्मत – प्रति एकड़ मिल रहा जबरदस्त उत्पादन
